सोमवार, 13 जनवरी 2014

बारूद- मुट्ठी भर



बारूद की फैक्ट्री में गोले बनाये जा रहे थे| कुछ किसी पर आग बरसाने के लिए तो कुछ चट्टानें तोड़ने के लिए| बारूद का हर कण खुश था अपनी किस्मत पर, और होता भी क्यों नहीं! उसे एक मंच जो मिल गया था अपनी ऊर्जा, अपना अस्तित्त्व सिद्ध करने के लिए|

फैक्ट्री में विस्फोटक बनाने का काम बढता जा रहा था| रोज़ नई बारूद आ रही थी, नए अन्वेषण हो रहेथे| इसी बीच एक मुट्ठी बारूद बिखरकर दूर गिर गयी थी| हवा का हर एक झोंका उस मुठ्ठी भर बारूद को उसके गंतव्य तक पहुँचाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन बारूद पहचान नहीं पा रहा था अपनी ऊर्जा को, अपने आप को| हवा के अनगिनत झोंके उस के पास से गुजर गए लेकिन बारूद इन सबसे बेखबर रहा|

एक रोज तेज बरसात हुई। मुट्ठी भर बारूद भीग गया। और दूसरी तरफ कुछ बारूद गोले में तब्दील हो चुकी थी- अपने आप को साबित करने के लिए! 

कल शाम भी



- शशांक शेखर 

कल शाम भी तो गुजरे थे इस राह से ,
पर तब ये इतनी हसीन न थी,
तुम आये और तुमने मुस्कुरा क्या दिया,
कि देखो पत्ते भी कैसे खिलखिलाने लगे ...

कल शाम के बाद भी रात आयी थी,
पर तब ये आसमान सूना सा था,
तुमने चेहरे से जुल्फे हटा क्या दी,
कि ये तारे भी कैसे टिमटिमाने लगे..



कल शाम भी तो गुजरा था इस पेड़ के नीचे,
पर तब ये पंछी तो गुमसुम खामोश थे ,
तुमने बातों से मुझको चिढ़ा क्या दिया,
कि देखो ये सब भी कैसे गुनगुनाने लगे..

कल रात भी तो इसी कप में कॉफी पी थी,
पर तब तो ये एकदम फीकी लगी,
तुमने आँखों से मीठा घुला क्या दिया,
कि देखो खुशबू ये कैसी बहाने लगी....

कल रात भी तो मै तनहा सा था,
पर दिल में कोई खलिश तो न थी,
तुम आये और शामों को सजा क्या दिया,
कि ये दूरी है फिर से सताने लगी..

कल रात भी तो कलम उठाया था मैंने,
पर तब तो शायरी भी मुझसे खफा सी थी,
तुमने हाथो में हाथ थमा क्या दिया ,
कि मेरी बातें भी गजलें है गाने लगी...

( लेखक आई आई टी कानपुर में चतुर्थ वर्ष के छात्र हैं )


रविवार, 12 जनवरी 2014

क्षेत्रवाद : आखिर क्यों?



- सुरभि करवा


जोधपुर छोड़ कर यहाँ लखनऊ में रहते हुए 3 महीने हो गए हैं पर एक बार भी विश्वविद्यालय की सीमा से एक कदम तक बाहर नहीं रखा। शायद एक अजीब सा डर था। नया शहर, नई गलियाँ, सब कुछ ही तो नया था। डर था नए रास्तो पर खो जाने का! डर था अपने लड़की होने का! डर था कुछ ऐसी राहों पर चल पड़ने का जहां से वापस आना संभव नहीं! कुछ जानती भी तो कहाँ थी? पहले कभी उत्तर प्रदेश नहीं आयी थी। लखनऊ का बस इतना सा परिचय था कि नवाबों का एक शहर है और उत्तर-प्रदेश की राजधानी भी है।

आज बाहर निकली। एहसास हुआ कुछ भी तो नया नहीं हैं। सब कुछ तो वही है। वैसी ही सड़कें, वैसी ही गलियाँ और वैसे ही लोग। वही भीड़ है, वही कचरे के ढेर से झाँकती थोड़ी-थोड़ी सुंदरता, वही यातायात के नियमों का टूटना, वही अक्टूबर का महीना और वही भीनी-भीनी ठंड।

इन्हीं ख्यालों में मैंने लखनऊ और जोधपुर में समानता ढूंढनी शुरू कर दी। ख्यालों की इस लड़ाई ने मुझे एक प्रश्न पर लाकर खड़ा कर दिया कि क्यों हम क्षेत्र के नाम पर लड़ते रहते हैं जबकि सभी जगहों, शहरों राज्यों में एक मूलभूत समानता हैं।

किसी अलग तरह के व्यक्ति या वस्तु को देख कर एक अजीब सी बेचैनी होना, एक अजीब सा डर पैदा होना जायज़ हैं। पर यह जानते हुए कि अंततः हम सब में एक आधारभूत समानता हैं- ये बेचैनी, ये डर नाजायज़ हो जाता हैं, बेईमानी हो जाता हैं।

आखिर क्यों क्षेत्रवाद के ताले हमारे मस्तिष्क को जकड़ लेते हैं और हम इस समानता को नहीं देख पाते? मैं जवाहर लाल नेहरू की उस बात में काफी यकीन रखती  हूँ जब वे कहते हैं कि सारा भारत एकता के एक सूत्र से, एक धागे से बंधा हैं। क्या हम इतनी छोटी सोच रखते हैं कि किसी के अलग पहनावे, अलग भाषा, अलग लहज़े, अलग तहज़ीब को देख कर उससे कन्नी काटने लगे? यहाँ तक कि उसे बुरा समझने लगे? आखिर क्यों? आखिर कब तक?

( लेखिका राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, लखनऊ में अध्ययनरत हैं )