बुधवार, 9 अक्टूबर 2013

आहुति

- सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन 'अज्ञेय' 


मैं कब कहता हूँ जग मेरी दुर्धर गति के अनुकूल बने,
मैं कब कहता हूँ जीवन-मरू नंदन-कानन का फूल बने ?


कांटा कठोर है, तीखा है, उसमें उसकी मर्यादा है,
मैं कब कहता हूँ वह घटकर प्रांतर का ओछा फूल बने ?

मैं कब कहता हूँ मुझे युद्ध में कहीं न तीखी चोट मिले ?
मैं कब कहता हूँ प्यार करूं तो मुझे प्राप्ति की ओट मिले ?



मैं कब कहता हूँ विजय करूं मेरा ऊंचा प्रासाद बने ?
या पात्र जगत की श्रद्धा की मेरी धुँधली-सी याद बने ?

पथ मेरा रहे प्रशस्त सदा क्यों विकल करे यह चाह मुझे ?
नेतृत्व न मेरा छिन जावे क्यों इसकी हो परवाह मुझे ?


मैं प्रस्तुत हूँ चाहे मिट्टी जनपद की धूल बने-
फिर उस धूली का कण-कण भी मेरा गति-रोधक शूल बने !

अपने जीवन का रस देकर जिसको यत्नों से पाला है-
क्या वह केवल अवसाद-मलिन झरते आँसू की माला है ?


वे रोगी होंगे प्रेम जिन्हें अनुभव-रस का कटु प्याला है-
वे मुर्दे होंगे प्रेम जिन्हें सम्मोहन कारी हाला है

मैंने विदग्ध हो जान लिया, अन्तिम रहस्य पहचान लिया-
मैंने आहुति बन कर देखा यह प्रेम यज्ञ की ज्वाला है !


मैं कहता हूँ, मैं बढ़ता हूँ, मैं नभ की चोटी चढ़ता हूँ
कुचला जाकर भी धूली-सा आँधी सा और उमड़ता हूँ

मेरा जीवन ललकार बने, असफलता ही असि-धार बने
इस निर्मम रण में पग-पग का रुकना ही मेरा वार बने !


भव सारा तुझको है स्वाहा सब कुछ तप कर अंगार बने-
तेरी पुकार सा दुर्निवार मेरा यह नीरव प्यार बने |


मंगलवार, 8 अक्टूबर 2013

खिड़की और दरवाजे के दर्मियाँ



- निशांत 


अबकी बरस की 
पूरनमासी वाली रात ,
हाँ, उसी सर्द रात को,
प्रेमचंद वाली पूस की रात से 
थोडा ज़्यादा सर्द रात को,
खिड़की और दरवाज़े के दरम्यान 
वक़्त तराशा था , जब बैठा था ।

खिड़की के उस पार दिखे थे 
दिन गिरते उठते बचपन के 
और गौर से देखा , पाया  
झूले पे अंगड़ाते सावन को  
एक अचानक आहट आई 
दरवाज़े पर मानो टूटा हो 
वक़्त का टुकड़ा अभी अभी 
मुड़कर पीछे देखा पाया 
घर की बिल्ली गिरा गयी थी 
गेंदे वाला मिट्टी का गमला 
इसी फेर में बिखरा गयी थी 
उन फूलो को फर्श पर जो कभी 
गमलो में अटके हुआ करते थे ,
टुकुर टुकुर देखा करते थे ।
निकली छोटी सी आह 
मानो रुक ही ना पाई हो 
कोशिश करके रुकते-रुकते भी ।
मानो छलक पड़ी हो 
कोशिश करके रिसते रिसते ही ।
वापिस खिड़की से जब झाँका 
नज़र गायब थी ,
नज़र ओझल थी ।
खिड़की और दरवाज़े के दरम्यान 
दूरी बहुत थी 
फ़ासले तमाम थे।
खालीपन पसरा बैठा था ,
खुद से मेरा संवाद रुका था।
तभी कहीं से आई हँसती 
बीच बीच में शोर मचाती 
लड़ लेतीं पहले आपस में 
अब देखो हैं रोती गाती ।
ये सखियाँ हैं उड़ी कहाँ से 
ये सखियाँ उड़ चली कहाँ तक 
ये सखियाँ हैं कोई फ़रिश्ते 
यहीं दरमियां मंतर पढ़ती 
यहीं दरमियां कलमे गातीं 
खिड़की से हैं आती-जाती 
दरवाज़े से जाती-आती 
सोंधा करते यही दर्मियाँ 
ये कानों में कहती जातीं -
गुजरा वक़्त खिड़कियों से दिखता है 
गुजरे वक़्त के दरवाज़े नहीं खुलते ।
खिड़की और दरवाज़े के दर्मियाँ 
गुजरा वक़्त तराशा था, जब बैठा था।

( निशांत जन-अभियांत्रिकी में तृतीय वर्ष के छात्र हैं )

मंगलवार, 1 अक्टूबर 2013

सूखे पत्ते और मिट्टी

- ओम प्रकाश शर्मा

आम के हरे दरख़्त के तले, 
चंद सूखे पत्ते पड़े हैं सिमटे हुए, 
रगें... 
ढीली पड़ चुकी हैं इनकी, 
लहू... 
सूख चूका है इनका|
लफ्ज़ लरजते थे 
इन पर कभी, 
अब मद्धम पड़ चुके हैं| 

पाँव टकरा जाता है
इनसे किसी का तो 
करवट लेते चीं-चूं सा 
कुछ बोल देते हैं. 
जुम्बिश कम ही है इनमें 
कोई हवा का झोंका आये 
उड़ा कर ले जाये इन्हें, 
दबा दे मिटटी की दरारों में, 
मिटेंगे, गलेंगे, उसी मिटटी में कहीं, 
फिर उगेंगे किसी दरख़्त की शाख पर, 
फिर उकेर देगा वक़्त, 
लफ़्ज़ों के, दस्तानों के, 
लरजते मोती इन पर |

( लेखक ऑल इंडिया रेडियो, कानपुर में वरिष्ठ कार्यक्रम-प्रस्तोता हैं )